उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह सक्रिय रहेगा मानसून, 25 जुलाई से भारी बारिश के आसार
लखनऊ, 22 जुलाई (वार्ता)। उत्तर प्रदेश में मानसून अगले एक सप्ताह तक सक्रिय रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों उप-भागों में 22 से 27 जुलाई के बीच अधिकांश दिनों में गरज-चमक के साथ वर्षा और बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। सप्ताह के उत्तरार्ध में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने के साथ कई क्षेत्रों में भारी वर्षा भी हो सकती है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ मौसम केंद्र द्वारा बुधवार को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार 22 से 25 जुलाई तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा या बौछारें पड़ने की संभावना है। 26 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर वर्षा का दायरा बढ़ सकता है। वहीं 27 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने फिलहाल 22 से 24 जुलाई तक किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि 25 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इसके बाद 26 और 27 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी दोनों उप-भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर वर्षा होती रहेगी। इससे तापमान में मामूली गिरावट और उमस से राहत मिलने की संभावना है, जबकि भारी वर्षा वाले क्षेत्रों में जलभराव तथा निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम बुलेटिन और प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की आशंका वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा किसानों को मौसम आधारित कृषि सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।
.png)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें