मारुति की आगामी नयी ब्रेज़ा को भारत एनसीएपी में 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग


नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुज़ुकी इंडिया की आगामी नयी ब्रेज़ा को भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (भारत एनसीएपी) के तहत वयस्क यात्री सुरक्षा और बाल यात्री सुरक्षा दोनों में 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग प्राप्त हुई है।

कंपनी ने गुरुवार को बताया कि 24 जुलाई को पेश होने वाली नयी ब्रेजा ने कंपनी के 5-स्टार भारत एनसीएपी रेटेड वाहनों के पोर्टफोलियो को और सशक्त बनाया है। डिज़ायर, विक्टोरिस, इनविक्टो और ई विटारा पहले से इसमें शामिल हैं।
मारुति सुजुकी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि नयी ब्रेज़ा में कई नये सक्रिय सुरक्षा फीचर्स दिये गये हैं, जिनमें ब्लाइंड स्पॉट वार्निंग विद लेन चेंज अलर्ट, रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट, फ्रंट पार्किंग सेंसर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल, सेफ एग्जिट वार्निंग आदि शामिल हैं।
इसके अलावा, नयी ब्रेज़ा के सभी संस्करणों में छह एयरबैग दिये गये हैं। साथ ही, इसमें इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम के साथ हिल होल्ड असिस्ट, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (एबीएस) के साथ इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन और आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकरेज जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
मारुति सुज़ुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिसाशी ताकेउची ने इस उपलब्धि पर कहा, "साल 2016 से ब्रेज़ा भारत की सबसे अधिक बिकने वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी रही है और लाखों ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई है। नयी ब्रेज़ा को मिली यह 5-स्टार भारत एनसीएपी रेटिंग ग्राहकों के भरोसे को और मजबूत करती है। यह उपलब्धि भारतीय सड़कों के लिए अधिक सुरक्षित वाहन बनाने की हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"
उन्होंने कहा, "सुरक्षा हमारे वाहन डिजाइन दर्शन का मूल आधार है। हमने अपने 16 मॉडलों और 160 संस्करणों में छह एयरबैग को मानक बनाकर उन्नत सुरक्षा को आम ग्राहकों तक पहुंचाया है। वित्त वर्ष 2025-26 में 16 लाख से अधिक नये ग्राहकों को उन्नत यात्री सुरक्षा का लाभ मिला, जो उद्योग में सबसे अधिक है।"

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना