संभल के 68 तीर्थों का होगा पुनर्जीवन, भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई जारी : योगी


संभल/मुरादाबाद, 18 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार संभल के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने घोषणा की कि संभल के 68 प्राचीन तीर्थों के पुनर्जीवन तथा 24 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भू-माफियाओं द्वारा अतीत में राजस्व अभिलेखों तक को नष्ट करने के प्रयास किए गए, लेकिन सत्य को कभी दबाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री शनिवार को संभल जिले के बहजोई के निकट फत्तेहपुर शरीफनगर में 569 करोड़ रुपये की लागत वाली 68 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार संभल की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने संभल को भगवान विष्णु के भावी कल्कि अवतार से जुड़ी पौराणिक स्थली बताते हुए कहा कि भविष्य में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक यहां के प्राचीन वैभव को देखने आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 500 वर्ष पूर्व विदेशी आक्रांताओं ने क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को नुकसान पहुंचाया तथा भगवान हरिहर के मंदिर और 68 तीर्थों के अस्तित्व पर आघात किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार इन ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और पुनर्स्थापना के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के संरक्षण में अवैध कब्जों का जाल फैलाया गया था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने अब तक लगभग 10 हजार एकड़ सरकारी भूमि को भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि कब्जामुक्त भूमि का आवंटन गरीबों, दलितों, पिछड़े वर्गों और भूमिहीन परिवारों के बीच पट्टों के रूप में किया जाए, जिसकी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने संभल में कानून-व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि अतीत में हुए सांप्रदायिक दंगों के दौरान निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी, लेकिन दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार कानून का राज स्थापित करने और अपराध तथा माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि चंदौसी में भगवान गणपति की 145 फीट ऊंची प्रतिमा तथा भगवान श्रीराम की 151 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि संभल जिले में आधुनिक पुलिस लाइन, पीएसी की नई बटालियन तथा इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन के निर्माण की दिशा में कार्य चल रहा है। इसके साथ ही जिले को फोरलेन सड़कों और प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से मेरठ, हरिद्वार और प्रयागराज से जोड़ने की परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशस सरकार विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को समान प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से संभल न केवल विकास के नए आयाम स्थापित करेगा, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें