गोरखपुर में वन महोत्सव का शुभारंभ


गोरखपुर, 01 जुलाई (वार्ता) महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर बनाने के उद्देश्य से वन प्रभाग गोरखपुर के साथ मिलकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वन महोत्सव का भव्य शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व है।
उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भारतीय संस्कृति, मातृ सम्मान तथा प्रकृति संरक्षण की भावनाओं का अद्भुत संगम है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माता के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो देश में पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलेगी। उन्होंने महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के नियमित देखभाल का भी आह्वान किया।
प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने का व्यापक जन आंदोलन है। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण तथा स्वच्छ वातावरण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उप प्रभागीय वनाधिकारी विनीत कुमार सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। क्षेत्रीय वनाधिकारी दिनेश कुमार चौरसिया ने पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक उपायों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पौधा लगाना जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उसका संरक्षण करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक स्वरूप पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार ने वन महोत्सव अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में कुल 10,000 पौधों का रोपण किया जाएगा, जिनमें 8,000 फलदार पौधे तथा 2,000 औषधीय पौधे शामिल हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 50 बच्चों को आम के पौधे वितरित किए गए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें