मोदी ने मुरादाबाद मंडल के धामपुर और हर्रावाला स्टेशनों को राष्ट्र को किया समर्पित
मुरादाबाद, 17 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री मोदी ने जींद-सोनीपत रेलखंड पर चलने वाली देश की पहली शून्य कार्बन उत्सर्जन (जीरो एमिशन) तकनीक पर आधारित ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि इस यादगार अवसर पर प्रधानमंत्री ने मुरादाबाद मंडल के धामपुर और हर्रावाला सहित देश के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इसके साथ ही यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का ट्रायल (बीटा वर्जन) भी लाइव कर दिया गया है।
दूसरी ओर, हर्रावाला स्टेशन पर आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक ब्रजभूषण गैरोला और मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का पौधे का गमला भेंट कर स्वागत किया। यहाँ भी पूर्व में आयोजित स्कूली प्रतियोगिताओं के 9 विजेता छात्र-छात्राओं को राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ओक ग्रोव स्कूल झरीपानी, अन्य स्कूलों के बच्चों और मंडल सांस्कृतिक टीम द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गायन, सरस्वती वंदना तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें