आइसना की मासिक बैठक में लघु समाचार पत्रों और पत्रकारों की चुनौतियों पर हुआ मंथन


गोरखपुर। ऑल इंडिया स्माल न्यूजपेपर्स एसोसिएशन (आइसना), गोरखपुर इकाई की मासिक बैठक रविवार को शास्त्री चौक स्थित सूचना भवन के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में लघु समाचार पत्रों एवं पत्रकारों की वर्तमान स्थिति, उनके समक्ष उपस्थित चुनौतियों, पत्रकार हितों तथा संगठन की मजबूती से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का नेतृत्व संस्था के संरक्षक डॉ. मुमताज खान एवं अध्यक्ष श्री उमेश चंद्र मिश्र ने किया। बैठक की अध्यक्षता डॉ. पी.एन. भट्ट ने की, जबकि संचालन श्री रवि प्रकाश त्रिपाठी (करुण गोरखपुरी) ने किया।

अपने संबोधन में डॉ. मुमताज खान ने कहा कि लघु समाचार पत्र लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ हैं। इनका संरक्षण तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सभी को संगठित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि छोटे समाचार पत्र सीमित संसाधनों के बावजूद जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं, इसलिए इन्हें प्रोत्साहन और संरक्षण मिलना चाहिए।

संस्था अध्यक्ष श्री उमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि आइसना सदैव पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और लघु समाचार पत्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. पी.एन. भट्ट ने निष्पक्ष, निर्भीक एवं उत्तरदायी पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बदलते समय में पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ करना चाहिए।

संचालन करते हुए श्री रवि प्रकाश त्रिपाठी (करुण गोरखपुरी) ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी और कहा कि आइसना पत्रकारों की समस्याओं के समाधान तथा उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए लघु समाचार पत्रों की भूमिका, पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, आर्थिक चुनौतियों तथा संगठनात्मक एकजुटता पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद छोटे समाचार पत्र समाज की आवाज़ बनकर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं।

खराब मौसम के बावजूद बैठक में पत्रकारों एवं संपादकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. मुमताज खान, श्री उमेश चंद्र मिश्र, श्री रवि प्रकाश त्रिपाठी (करुण गोरखपुरी), डॉ. पी.एन. भट्ट, डॉ. सतीश चंद्र शुक्ला, श्री शिशिर श्रीवास्तव 'मुकुल', श्री कमलेश मणि तिवारी, श्री जय सिंह मौर्य, श्री आशुतोष कुमार, श्री दीपक कुमार शर्मा, श्री देश दीपक शुक्ला सहित अनेक संपादक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में पत्रकार हितों की रक्षा, लघु समाचार पत्रों के सशक्तीकरण तथा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें