एयर इंडिया के मोबाइल ऐप पर अब बुकिंग से लेकर बैगेज ट्रैकिंग तक की सुविधा एक साथ
गुरुग्राम, 16 जुलाई (वार्ता) देश की अग्रणी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने अपने मोबाइल ऐप में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए यात्रा से जुड़े सभी फीचरों को इसमें एकीकृत कर दिया है।कंपनी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कंपनी की अपनी डिजिटल टीम द्वारा डिजाइन और विकसित इस नये ऐप को यात्रियों की बदलती आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह यात्रा के हर चरण को अधिक सुविधा और नियंत्रण के साथ पूरा करने में सहायक होगा। इसमें बुकिंग, भुगतान, एयरपोर्ट सेवाओं, यात्रा में व्यवधान के दौरान सहायता, बैगेज ट्रैकिंग, लॉयल्टी प्रबंधन और एआई-संचालित सहायता जैसी सभी सुविधाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है।
कंपनी ने बताया कि इन-हाउस बुकिंग इंजन पर तेज, सहज और उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस के माध्यम से उड़ानों की खोज, बुकिंग और अतिरिक्त सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है। इन-हाउस पेमेंट ऑर्केस्ट्रेशन प्लेटफॉर्म को भी इसमें जोड़ा गया है जो भुगतान प्रक्रिया को आसान बनाता है और ग्राहकों के लिए आकर्षक ऑफर उपलब्ध कराते हुए चेकआउट प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाता है।
यात्रा में व्यवधान आने पर होम स्क्रीन से ही होटल आवास और परिवहन सहायता जैसी सेवाएं उपलब्ध करायी जाती हैं।
एयर इंडिया के मुख्य डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी सत्य रामास्वामी ने कहा, "हमारा मोबाइल ऐप हमारे ग्राहकों से जुड़ने का प्रमुख माध्यम है और एयर इंडिया के परिवर्तन अभियान के तहत विकसित किये गये 140 से अधिक विश्वस्तरीय डिजिटल सिस्टम्स में से एक है। हम हर नयी सुविधा विकसित करते समय यात्रियों की जरूरतों को समझने और यात्रा से जुड़े तनाव को कम करने पर विशेष ध्यान देते हैं। नवीनतम सुधारों से बुकिंग, भुगतान, एयरपोर्ट प्रक्रियाओं और यात्रा में व्यवधान के दौरान सहायता जैसे सभी पहलू पहले से अधिक सरल हो गये हैं। इससे यात्रियों को अधिक पारदर्शिता, सुविधा और नियंत्रण मिलता है। ग्राहकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया हमें भविष्य में भी लगातार नवाचार करने के लिए प्रेरित करती है।"
एयर इंडिया के मोबाइल ऐप को दुनिया भर में लगभग 1.7 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है। रोजाना औसतन एक लाख से अधिक उपयोगकर्ताओं इसका इस्तेमाल करते हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें