युवाओं के आंदोलन के आगे झुकी भाजपा सरकार: अजय राय
लखनऊ, 25 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को कहा कि युवाओं के आंदोलन और लगातार दबाव के आगे भाजपा सरकार को झुकना पड़ा है।उन्होंने इसे लाखों मेहनती छात्रों की जीत बताया और कहा कि अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्री राय ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने लाठीचार्ज, आंसू गैस और पुलिसिया कार्रवाई के जरिए छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया, लेकिन अंततः उसे युवाओं की मांगों के आगे झुकना पड़ा। उन्होंने कहा, “यह जीत देश के लाखों उन मेहनती छात्रों की है जो अपने भविष्य की रक्षा के लिए सड़कों पर डटे रहे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता छात्रों के साथ खड़ा था और आगे भी रहेगा।”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब सरकार को पूरे प्रकरण की गहन जांच करानी चाहिए और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर आते ही जंतर-मंतर पर जश्न शुरू हो गया। छात्रों ने छात्र एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। राष्ट्रगान गाया। इस दौरान नीट पेपर लीक के बाद जान गंवाने स्टूडेंट्स के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें