उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिन बारिश का पूर्वानुमान, कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट
लखनऊ, 02 जुलाई (वार्ता) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ ने उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि कई जिलों में भारी वर्षा, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।मौसम विभाग के अनुसार दो जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। तीन और चार जुलाई को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि पांच और छह जुलाई को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने दो जुलाई के लिए प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा, मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। तीन और चार जुलाई को भी कई स्थानों पर वज्रपात और भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि पांच और छह जुलाई को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा का खतरा बना रहेगा।
विभाग के अनुसार गुरुवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना अधिक है। वहीं प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, संभल, जालौन सहित प्रदेश के अनेक जिलों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
तीन जुलाई को बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है, जबकि प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, कानपुर, रायबरेली, मेरठ, आगरा और जालौन सहित कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। चार जुलाई को सोनभद्र, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश तथा प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन और आसपास के क्षेत्रों में वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने, बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित भवनों में रहने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। विभाग ने किसानों को खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, तेज हवा और भारी वर्षा के दौरान कृषि कार्य स्थगित रखने तथा फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की भी सलाह दी है।
.png)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें