डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार कर रही है डबल इंजन सरकार: योगी
लखनऊ, 6 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल परिसर पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश के विकास, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए जो सपने देखे थे, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र तथा उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार साकार करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार पश्चिम बंगाल में डॉ. मुखर्जी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थलों के पुनरुद्धार का कार्य भी करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल को पाकिस्तान के खूनी पंजे से बचाने में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि आज वही बंगाल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को अपना आदर्श मानने वाली भारतीय जनता पार्टी के शासन का हिस्सा बना हुआ है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्र भारत के पहले मंत्रिमंडल में खाद्य एवं उद्योग मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने देश की खाद्य एवं औद्योगिक नीति को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि जब तत्कालीन नेहरू सरकार की नीतियां देश की अखंडता के लिए चुनौती बनने लगीं, तब डॉ. मुखर्जी ने सत्ता का मोह त्यागकर मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना उचित समझा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने धारा 370 और तुष्टीकरण की नीति के विरुद्ध जो आंदोलन शुरू किया था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने साकार किया। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे” का उद्घोष देने वाले डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें