भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी, किसानों की हालत बदतर: अखिलेश


लखनऊ, 16 जुलाई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन में किसानों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और सरकार की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी हैं।

श्री यादव ने जारी बयान में कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ और आज किसान अपनी फसल का लागत मूल्य तक नहीं प्राप्त कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और खेती की बढ़ती लागत ने किसानों को आर्थिक संकट में डाल दिया है।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं तथा सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने आगरा के फतेहाबाद में कर्ज से परेशान एक किसान द्वारा आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा शासन में अन्नदाता मजबूरी में आत्मघाती कदम उठाने को विवश हो रहा है।
उन्होंने खाद की कमी के लिए वैश्विक परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बुवाई से पहले पर्याप्त खाद का भंडारण सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान खाद और बीज की व्यवस्था पहले से कर ली जाती थी। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के बजाय बिचौलियों और बड़ी कंपनियों के हितों की रक्षा कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की अनिवार्यता नहीं होने का लाभ बिचौलिये उठा रहे हैं और किसानों से कम कीमत पर फसल खरीद रहे हैं। उन्होंने बीज और कीटनाशकों में मिलावट के भी आरोप लगाए। उन्होने भाजपा पर धार्मिक आस्था के नाम पर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया और कहा कि किसानों में सरकार के प्रति व्यापक असंतोष है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता किसान विरोधी नीतियों का जवाब देगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें