गोरखपुर में शुरू हुआ दस्तक अभियान, घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य टीमें


गोरखपुर। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और संभावित मरीजों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दस्तक अभियान का शुभारंभ हो गया है। अभियान के तहत जिले की 4232 स्वास्थ्य टीमें करीब 8.36 लाख घरों का भ्रमण कर विभिन्न रोगों के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी।

अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने भटहट ब्लॉक के जंगल डुमरी नंबर-दो गांव में चल रहे दस्तक अभियान में स्वयं हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बीसीपीएम आरती त्रिपाठी तथा आशा कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लाभार्थियों के घर-घर जाकर अभियान की गतिविधियों का निरीक्षण किया और लोगों से संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. झा ने स्वास्थ्य टीमों को निर्देश दिया कि संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान के साथ-साथ पात्र परिवारों के आयुष्मान भारत कार्ड और आभा आईडी भी बनवाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने परिवारों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करने तथा पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।

दस्तक अभियान के तहत जनजागरूकता गतिविधियों को भी गति दी जा रही है। सरदार नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के डुमरी गांव में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश तथा जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने भी सहभागिता करते हुए लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर बुखार, टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया और कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करेंगे। चिन्हित मरीजों को आवश्यक जांच, उपचार और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा ताकि समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल रोगियों की पहचान करना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाना भी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें जनजागरूकता के माध्यम से स्वच्छता, रोगों की रोकथाम और समय पर उपचार के प्रति भी लोगों को जागरूक करेंगी। इससे संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी और समुदाय का स्वास्थ्य बेहतर होगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें