दिल्ली सहारनपुर देहरादून एक्सप्रेस वे के निर्माण से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिली रफ्तार: योगी


सहारनपुर, 01 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है और बेहतर कनेक्टिविटी विकास की रफ्तार को तेज कर रही है। उन्होंने कहा कि अब सहारनपुर से दिल्ली की दूरी मात्र डेढ़ घंटे में पूरी की जा सकती है तथा जल्द ही जिले को हवाई संपर्क की सुविधा भी उपलब्ध होगी। महाराज सिंह कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने दशकों से लंबित आधारभूत संरचना परियोजनाओं को पूरा करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति के लिए मजबूत सड़क, रेल और हवाई संपर्क आवश्यक है तथा सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर के निकट हवाई अड्डे का विकास किया जा रहा है। अब तक लोगों को हवाई यात्रा के लिए दिल्ली अथवा देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन भविष्य में सहारनपुर से ही उड़ान सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे जिले के विकास को नई आधारशिला मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर के काष्ठ शिल्पकारों ने विपरीत परिस्थितियों में भी वुड कार्विंग की परंपरा को जीवित रखा है। 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) योजना के माध्यम से जिले के वुड कार्विंग उत्पादों का लगभग 600 करोड़ रुपये का निर्यात हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस देश की निर्यात क्षमता मजबूत होगी, वही विदेशी मुद्रा अर्जित कर आर्थिक रूप से समृद्ध बनेगा।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा सीवरेज एवं ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी जा रही है, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़ और मथुरा जैसे जिलों में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे। उन्होंने कहा कि कैराना और कांधला जैसे क्षेत्रों से पलायन की घटनाएं सामने आती थीं तथा कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। वर्तमान सरकार ने अपराध और दंगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर प्रदेश में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें