भाजपा सरकार छात्र, किसान और युवाओं के साथ अन्याय कर रही : शिवपाल यादव
मिर्जापुर, 21 जुलाई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार किसानों, छात्रों और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।दो दिवसीय मिर्जापुर दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है और छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार चुनाव बेईमानी से जीत रही है और जनता अब इसे सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है।
उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के मुद्दे पर भी समाजवादी पार्टी का समर्थन व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। श्री यादव ने कहा कि आगामी चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी को अवसर देगी।
इससे पहले उन्होंने विंध्याचल धाम पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए और 51 किलोग्राम का घंटा अर्पित किया। उनके आगमन पर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान भीड़ के कारण धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें पूर्व विधायक जगदंबा पटेल गिरकर घायल हो गए।
मिर्जापुर प्रवास के दौरान श्री यादव चुनार क्षेत्र स्थित सत्तेशगढ़ आश्रम भी पहुंचे, जहां उन्होंने संत अड़गड़ानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। अड़गड़ानंद महाराज को सैफई परिवार का आध्यात्मिक गुरु माना जाता है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा परिवार के अन्य सदस्य भी समय-समय पर उनके दर्शन के लिए आते रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें