डीएम ने प्रथम दिवस बच्चों के स्वागत, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने एवं शत-प्रतिशत नामांकन बढ़ाने के दिए निर्देश
देवरिया, 01 जुलाई 2026। जिला टास्क फोर्स शिक्षा समिति एवं प्रोजेक्ट अलंकार की बैठक जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 02 जुलाई से प्रारंभ होने वाले स्कूल चलो अभियान की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली जाए। साथ ही उन्होंने विद्यालय के प्रथम दिवस बच्चों के स्वागत के लिए अधिकारियों को विद्यालयों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में पंचायत सचिव, लेखपाल, खंड शिक्षा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी बच्चों के स्वागत के लिए उपस्थित रहेंगे। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को कायाकल्प योजना के अंतर्गत सभी मानकों से विद्यालयों को संतृप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां बाउंड्रीवाल, शौचालय अथवा सोख्ता नहीं है, वहां उनका निर्माण कराया जाए। किसी भी दशा में विद्यालय परिसर में जलभराव न हो तथा बिजली के तार ढीले अथवा नीचे लटकते हुए न हों, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि आरबीएसके की टीम विद्यालयों में जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी करे। छात्रों की उपस्थिति डिजिटल माध्यम से दर्ज कराई जाए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी प्रेरणा ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराई जाए तथा वहां भी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए प्रथम दिवस छात्राओं का स्वागत किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों के निरीक्षण का निर्धारित लक्ष्य सभी अधिकारी प्रतिमाह पूरा करें। कोई भी बच्चा आउट ऑफ स्कूल न रहे तथा छात्र-छात्राओं का पंजीकरण बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने मिड-डे मील, रसोइयों, शिक्षामित्रों, स्पेशल एजुकेटर एवं ईसीसीई (ECCE) एजुकेटर के मानदेय का समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों के देयकों का भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें अपने भुगतान के लिए भटकना न पड़े।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में निपुण जनपद बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा उसी अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला समन्वयक मनरेगा, जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें