चढ़ावा नहीं बचा सके, पेपर लीक क्या रोकेंगे: अखिलेश
लखनऊ, 28 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में पेपर लीक और अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ( सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को लोकसभा में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उनके वक्तव्य के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।लोकसभा में चर्चा के दौरान अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “आपको भगवान भी माफ नहीं करेंगे, क्योंकि आप चढ़ावा चोरी में शामिल हैं। यह महापाप है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग भगवान के दरबार का चढ़ावा नहीं बचा सके, वे पेपर लीक जैसी घटनाओं को कैसे रोक पाएंगे। उनके भाषण के दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि अखिलेश यादव स्वयं समाजवादी हैं।
उन्होंने सवाल किया कि छात्रों के आंदोलन के बाद सरकार यदि उनकी मांगों पर विधेयक लेकर आती है तो क्या यह बेहतर है, या फिर आंदोलन को कुचलने के लिए आपातकाल लगाया जाना बेहतर था। इस पर अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए कहा, “इमरजेंसी तो नहीं देखी, लेकिन इमरजेंसी में क्या-क्या हुआ, वह दिल्ली में भी देखने को मिल गया। याद दिला दूं कि इमरजेंसी के बाद परिवर्तन हुआ था और इस बार भी परिवर्तन होगा।”
उन्होंने कहा कि यह पहला ऐसा छात्र आंदोलन था जिसमें अभिभावकों ने भी अपने बच्चों को आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मांग की कि यदि इस मुद्दे पर कोई भ्रम है तो गृह मंत्री सदन में आकर स्थिति स्पष्ट करें। साथ ही उन्होंने दोहराया, “जो लोग चढ़ावा नहीं बचा सके, वे पेपर लीक कैसे रोक पाएंगे। भगवान के दरबार से दान गायब हो गया।”
अखिलेश यादव के आरोपों पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके चलते सदन में कुछ समय तक तीखी नोकझोंक का माहौल बना रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें