भाजपा की राजनीतिक चालबाजियों से सावधान रहें : मायावती


लखनऊ, 11 जुलाई (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीतिक लाभ के लिए सरकारी एजेंसियों और अन्य माध्यमों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और अन्य वंचित वर्गों से 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बसपा को सत्ता में लाने का आह्वान किया।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक विस्तृत बयान में मायावती ने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए विरोधी दलों के खिलाफ सरकारी एजेंसियों, मीडिया और अन्य माध्यमों का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि बसपा शासन के दौरान उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया गया था तथा बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के हित में काम किया गया।
सुश्री मायावती ने कहा कि उनकी सरकार ने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति के तहत गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और अन्य कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी थी। बसपा प्रमुख ने पार्टी संस्थापक कांशीराम का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक उत्थान के लिए राजनीतिक सत्ता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ बसपा की स्थापना की गई थी और पार्टी आज भी उसी विचारधारा पर कार्य कर रही है।
उन्होने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में दलितों और अन्य कमजोर वर्गों पर अत्याचार की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने सहारनपुर की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं दर्शाती हैं कि बसपा की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को बसपा की नीतियों और पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों से अवगत कराएं तथा भाजपा की “राजनीतिक चालबाजियों” से सतर्क रहने के लिए प्रेरित करें।
सुश्री मायावती ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव प्रदेश की राजनीति के लिए निर्णायक होगा और बसपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता बसपा को पुनः सत्ता में लाने का अवसर देगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संगठित होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए “जय भीम, जय भारत” का नारा दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें