दो माह में तैयार हो जाएगा प्रदेश का दूसरा विश्व स्तरीय ज्ञान विज्ञान पार्क


गोरखपुर, 15 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला परिसर में बन रहा विश्व स्तरीय ज्ञान विज्ञान पार्क दो माह में तैयार हो जाएगा जो अपने तरह का राज्य का दूसरा विज्ञान पार्क होगा।

आधिकारिक सूत्रों ने बुध्दवार को बताया कि ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में बनने वाले इस पार्क में बच्चे खेल-खेल में विज्ञान की बारीकियां सीखेंगे। यह अपने तरह का राज्य का दूसरा विज्ञान पार्क होगा। इसके निर्माण पर 15.90 करोड़ रुपये की लागत आ रही है।
कार्यदायी संस्था गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने निर्माण 20 सितंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य अधीनस्थों को दिया है। फिलहाल इसकी भौतिक प्रगति 75 प्रतिशत से अधिक है।
उन्होंने बताया कि महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क सबसे आधुनिकतम होगा। इसका निर्माण 3 जुलाई 2024 को शुरू हुआ था। तय कार्ययोजना के अंतर्गत अब तक एंट्रेंस प्लाजा, कैनोपी कैफेटेरिया, टिकट घर, सोवेनियर शॉप, ओपेन एयर थिएटर, डायनासोरियम, इलेक्ट्रिक सब स्टेशन के स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण हो गया है। एस्ट्रोनॉमी एंड इंडियन स्पेस प्रोग्राम गैलरी में स्टोन फ्लोरिंग का काम प्रगति पर है।
जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह ज्ञान विज्ञान पार्क गोरखपुर सहित समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश के बच्चों के लिए शिक्षा और मनोरंजन का एक बेहतरीन केंद्र साबित होगा।
महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क को हाईटेक और इंटरैक्टिव बनाया जा रहा है ताकि विद्यार्थी किताबी ज्ञान से इतर व्यावहारिक तरीके से विज्ञान के गूढ़ रहस्यों को आसानी से समझ सकें। ज्ञान विज्ञान पार्क का एक खास आकर्षण ..डायनासोरियम.. भी होगा, जो छात्रों को प्रागैतिहासिक काल के जीवों के बारे में रोमांचक जानकारियां देगा। इसके अलावा, भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम और खगोल विज्ञान पर आधारित विशेष गैलरी युवाओं में विज्ञान और अनुसंधान के प्रति रुचि जगाने का काम करेगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें