राम मंदिर चढ़ावा मामले में जवाबदेही से बच रहे हैं आरएसएस और भाजपा : कांग्रेस
प्रयागराज, 11 जुलाई (वार्ता) अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को प्रयागराज पहुंचे भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने प्रभु राम के नाम पर राजनीति की है और अब चढ़ावे से जुड़े मामले में जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रहे हैं। श्री चिब ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, श्रद्धा और त्याग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देशभर के सनातनियों ने अपने बच्चों की गुल्लक का पैसा, पेंशन और मजदूरी तक भगवान राम को चढ़ावे के रूप में समर्पित की, लेकिन भाजपा और आरएसएस ने भगवान राम की अमानत की रक्षा करने के बजाय उसे लूटने का काम किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए चढ़ावा चोरी प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग की। चिब ने कहा कि केवल चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफा देने से यह मामला दब नहीं जाएगा और सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को प्रतिबंधित किए जाने की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी प्रकरण पर पर्दा डालकर आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस मुद्दे के चुनावी असर के संबंध में पूछे गए सवाल पर श्री चिब ने कहा कि यदि सरकार इस मामले में कठोर और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती है तो यह निश्चित रूप से एक बड़ा चुनावी मुद्दा बन सकता है।
.png)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें