भाजपा सांसदों को तोड़कर संविधान बदलना चाहती है: अखिलेश


लखनऊ, 1 जुलाई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि सत्तारुढ़ दल विपक्षी सांसदों को तोड़कर संविधान बदलना चाहती है जिससे लोकतंत्र को बड़ा खतरा पैदा हो रहा है।

श्री यादव ने लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "मर्यादा का पहला प्रतीक प्रभु श्री राम हैं। दूसरा संविधान है। भारतीय जनता पार्टी ने इन दोनों को धोखा दिया है। भाजपा ने संविधान, श्रद्धा और आस्था से खिलवाड़ किया है।"
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर एसआईटी जांच को लेकर उन्होने कहा, "दूध का दूध, पानी का पानी हो न हो, लेकिन चांदी, हीरे-जवाहरात, सोने के खड़ाऊं सब वापस हो जाएं। मैं जानता हूं कुछ देर के लिए सीसीटीवी बंद कर दिए जाएं, आंख बंद कर दी जाए तो प्रभु श्री राम सभी कुछ वापस ले आएंगे। “
उन्होंने दावा किया कि चोरी के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र तक जुड़े हैं। उन्हो ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी को किसी समाज की संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा के लिए धन ही धर्म है। भगवान और चंदा चुनाव के लिए बड़ी ताकत बन रहे हैं। संसाधन से भ्रष्टाचार बनाना और फिर सरकार बनाकर भ्रष्टाचार करना है।"
मिलावट पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि, "कुछ लोग कमाने के लिए खाने-पीने की चीजों में मिलावट कर रहे हैं। हमारी सरकार बनेगी तो किसी भी चीज में मिलावट नहीं होने देंगे।"
2027 विधानसभा चुनाव पर सपा अध्यक्ष ने कहा, "403 विधानसभा में हमारी पार्टी तैयार कर रही है। कांग्रेस भी तैयारी कर रही है। 806 पर हमारी तैयारी चल रही है भाजपा को हराने के लिए। सामाजिक न्याय की लड़ाई 2027 की बड़ी लड़ाई है।"
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर पर तंज कसते हुए बोले, "ओम प्रकाश राजभर समझ नहीं पा रहे हैं। भाजपा को पता है कब किससे बुलवाना है। मेरे जन्मदिन पर गिफ्ट दें तो मैं रिटर्न गिफ्ट दूंगा।"
श्री यादव ने कहा, "महिला बिल पास हो गया है। बंगाल का चुनाव हम लोगों ने देखा। आखिर सेंट्रल फोर्स ने क्या किया। जब पांच लाख सेंट्रल फोर्स लग जाएगी तो क्या होगा। यूपी के कई उपचुनाव में पुलिस ने सिविल वर्दी में चुनाव जिताया था।"
उन्होने कहा, "अयोध्या वासियों को सुविधाओं, संस्कृति और हेरिटेज को बचाते हुए समाजवादी लोग अयोध्या को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।" वाराणसी की दालमंडी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि, "वाराणसी के दालमंडी में जो हो रहा है, बहुत साल पहले सरकार ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए प्लान बनाया होगा।"
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे को लेकर कहा, "इसे इसलिए खराब कर रहे हैं ताकि इनके एक्सप्रेसवे की कोई बुराई न कर सके। हमारे द्वारा जितने भी एक्सप्रेसवे बनाए गए, सभी सरकार के लिए एसेट क्रिएट कर रहे हैं।"
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि, "भाजपा ने हमारी विदेश नीति कन्फ्यूज कर दी है। हमारे जितने भी मित्र देश थे, सभी को भाजपा ने दूर कर दिया। भारतीय लोगों को बहुत कठिनाइयां झेलनी पड़ेंगी।" योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "मुख्यमंत्री जी कहते हैं कि मैं 12 बजे सोकर उठता हूं क्योंकि वह हमारे पड़ोस में हैं। उनके बगल में बंदरिया बाग चौकी पर वसूली हो रही थी। मुख्यमंत्री जी के बगल में गैरकानूनी निर्माण चल रहा था, तीन महीने में पूरा हो गया।"
उन्होने कहा कि नवंबर में चुनाव की चर्चा इसलिए है क्योंकि सरकार के पास खाद और डीएपी नहीं है, ताकि किसानों को जवाब न देना पड़े।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें