भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक और व्यापार समझौता लागू होना महत्वपूर्ण क्षण: मोदी
नयी दिल्ली 15 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) तथा सामाजिक सुरक्षा समझौते के लागू होने को महत्वपूर्ण क्षण करार देते हुए कहा है कि इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।श्री मोदी ने वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के सोशल मीडिया पर इस समझौते के आज से लागू होने से संबंधित पोस्ट पर प्रतिक्रिया करते हुए बुधवार को कहा कि समझौते का लागू होना भारत ब्रिटेन साझेदारी के लिए महत्वपूर्ण क्षण है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "यह भारत–यूनाइटेड किंगडम साझेदारी के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) तथा सामाजिक सुरक्षा समझौते के लागू होने के साथ ही हमारे आर्थिक संबंध और अधिक गहरे होने जा रहे हैं। ये दोनों ऐतिहासिक समझौते हमारी साझा महत्वाकांक्षाओं को दोनों देशों के लोगों के लिए ठोस अवसरों में बदलते हैं।"
उन्होंने कहा कि सीईटीए हमारे किसानों, उद्यमियों और एमएसएमई के लिए नई गति लेकर आएगा। अनेक उभरते हुए क्षेत्रों को ब्रिटेन के बाज़ार तक बेहतर पहुँच मिलेगी। यह प्रौद्योगिकी, पेशेवर सेवाओं और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग को भी और सुदृढ़ करेगा, साथ ही कुशल भारतीय प्रतिभाओं की अधिक गतिशीलता को भी प्रोत्साहित करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा समझौता ब्रिटेन में अस्थायी रूप से कार्यरत भारतीय पेशेवरों को अमूल्य सहयोग प्रदान करेगा तथा भारतीय उद्यमों की प्रतिस्पर्धात्मकता को और मजबूत बनाएगा।
उन्होंने कहा , "यह उपलब्धि हमारे दोनों लोकतंत्रों के बीच गहरे विश्वास तथा व्यापार, प्रौद्योगिकी, निवेश और नवाचार पर आधारित भविष्य उन्मुख साझेदारी के निर्माण के प्रति हमारे साझा संकल्प का प्रतीक है। भारत और यूनाइटेड किंगडम साझा समृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मिलकर कार्य करते रहेंगे।"
दोनों देशों ने पिछले वर्ष यह ऐतिहासिक समझौता किया था।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें