विकास विरोधी और नकारात्मक सोच वालों का करें तिरस्कार: योगी
बांदा 9 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यहां लोगों से विकास विरोधी और नकारात्मक सोच रखने वालों के तिरस्कार करने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने आज बांदा नगर के कालू कुआं चौराहे में स्थापित वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और यहां आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। साथ ही उन्होंने बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र की 710 करोड रुपए की लागत की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। समारोह में विभिन्न योजनाओं के 18 लाभार्थियों को चेक, चाबी और प्रमाण पत्र आदि वितरित कर उन्हें सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों को कब्रिस्तान प्यारा है, वही राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट और नैमिषारण्य धाम के विकास का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि नकारात्मक और विकास विरोधी सोच रखने वालों को खारिज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मंदिरों, धामों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए कार्य कर रही है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों की प्राथमिकताएं अलग थीं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत की विरासत का अपमान करते हैं और हिंदू परंपराओं तथा सनातन संस्कृति को कोसना अपना उद्देश्य बना चुके हैं। ऐसे लोग विकसित और वैभवशाली भारत नहीं देखना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भाजपा सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को स्वीकार नहीं कर पाती हैं।
मुख्यमंत्री ने नौ वर्ष पहले के बुंदेलखंड और वर्तमान स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि कभी यह क्षेत्र पिछड़ेपन, पलायन, जल संकट, डकैतों, भूमाफियाओं और अविकसित बुनियादी ढांचे के लिए जाना जाता था। किसान भय के माहौल में जीते थे और रोजगार तथा सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड की तस्वीर बदल चुकी है और इसकी प्रगति देखकर प्रसन्नता होती है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद बुंदेलखंड में कनेक्टिविटी, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। क्षेत्र में महारानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक संस्थान और बेहतर सड़क संपर्क जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी वर्गों के सपनों को साकार करने का प्रयास किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है, जबकि पहले योजनाओं का लाभ सीमित वर्ग तक ही पहुंचता था।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार को उपद्रव, कर्फ्यू और गुंडागर्दी स्वीकार नहीं है। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार भारत की विरासत और महापुरुषों के सम्मान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने चित्रकूट में कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की स्मृतियां चित्रकूट और पूरे बुंदेलखंड से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने युवाओं को अवसर देने के बजाय क्षेत्र को डकैतों और अव्यवस्था की ओर धकेला, जबकि वर्तमान सरकार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल देश की रक्षा क्षमता को नई मजबूती दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े माफियाओं से 64 हजार एकड़ भूमि खाली कराई गई है, जहां अब निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के युवाओं को अब अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
उन्होंने बांदा के ‘शजर’ पत्थर की भी सराहना करते हुए कहा कि इसकी गिनती कीमती पत्थरों में होने लगी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) विजन के कारण इसे नई पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं और बीडा (बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के माध्यम से बुंदेलखंड को उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले यहां के लोग रोजगार के लिए पलायन करते थे, लेकिन अब ऐसा समय आएगा जब देश-दुनिया के लोग बुंदेलखंड में नौकरी की तलाश में आएंगे।
इस अवसर पर उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, विधायक प्रकाश द्विवेदी, ओममणि वर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी, जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मालती गुप्ता ‘बासू’, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू और जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें