सीएमओ ने गांवों में जाकर किया पल्स पोलियो अभियान का निरीक्षण


गोरखपुर। जिले में चल रहे सघन पल्स पोलियो अभियान घर-घर भ्रमण कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की टीम के साथ बेलघाट क्षेत्र की ढेकू नाथ एवं चउतरा ग्राम सभाओं में अभियान का निरीक्षण किया। सीएमओ ने घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने वाली टीमों के कार्यों का अवलोकन किया तथा अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

सीएमओ डॉ ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।  इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने टीमों को निर्देशित किया कि क्षेत्र का शत-प्रतिशत भ्रमण सुनिश्चित करें तथा कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। 

डॉ. झा ने बताया कि सघन पल्स पोलियो कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद, प्रदेश एवं देश के पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखना है। भारत, वर्ष 2011 से पोलियो मुक्त है और इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।

सीएमओ ने बताया कि गोरखपुर जनपद में अभियान के सफल संचालन के लिए कुल 1848 टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें घर-घर भ्रमण करने वाली टीमें, ट्रांजिट टीमें तथा मोबाइल टीमें शामिल हैं। जनपद में पांच वर्ष तक के 6,38,065 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष 1 जुलाई तक 4,52,474 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जा चुकी है।


डॉ झा ने बताया कि घर-घर भ्रमण करने वाली टीमें 3 जुलाई तक अभियान संचालित करेंगी तथा इस दौरान छूटे हुए बच्चों को चिन्हित कर उन्हें पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके अतिरिक्त शेष छूटे बच्चों को कवर करने के लिए 6 जुलाई को बी-टीम गतिविधि संचालित की जाएगी, जिससे कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह सके।


निरीक्षण के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. विनय शंकर एवं उनकी टीम भी उपस्थित रही।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें