फिल्म 'सिर्फ आपके' से बॉलीवुड में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे पवन सिंह
मुंबई, 16 जुलाई (वार्ता) भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और लोकप्रिय गायक पवन सिंह बॉलीवुड में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। पवन सिंह,निर्माता रविंद्र सिंह की आर विज़न प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बन रही हिंदी फिल्म 'सिर्फ आपके' से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में पदार्पण करेंगे।
निर्माताओं के अनुसार फिल्म की शूटिंग लखनऊ और भोपाल के विभिन्न खूबसूरत लोकेशनों पर सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में है और जल्द ही इसका फर्स्ट लुक, टीज़र तथा ट्रेलर जारी किए जाने की तैयारी चल रही है।
निर्माता रविंद्र सिंह ने कहा कि फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है तथा इसकी कहानी, संगीत और तकनीकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है। वहीं निर्देशक रितेश ठाकुर ने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों को एक नया और यादगार सिनेमाई अनुभव प्रदान करेगी।
भोजपुरी सिनेमा में अपने अभिनय और गायकी से लोकप्रियता हासिल कर चुके पवन सिंह के बॉलीवुड डेब्यू को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह है। वहीं शिव्या पाठानिया के साथ उनकी नई जोड़ी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिल्म को लेकर इंडस्ट्री में सकारात्मक माहौल है और माना जा रहा है कि यह पवन सिंह के बॉलीवुड करियर की शानदार शुरुआत साबित हो सकती है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें