बीएचयू में लाइव वैज्ञानिक प्रयोगों पर आधारित साइंस शो आयोजित


वाराणसी, 18 जुलाई (वार्ता) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में शनिवार को वाराणसी के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए लाइव वैज्ञानिक प्रयोगों पर आधारित साइंस शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा सहभागिता एवं प्रयोग आधारित गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाना था।

कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे दैनिक जीवन में उसके व्यावहारिक उपयोगों के माध्यम से समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल और रोचक बनाते हैं। उन्होंने 12 से 18 जुलाई तक कोलंबिया में आयोजित 55वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में भारतीय टीम के सभी पांच प्रतिभागियों द्वारा स्वर्ण पदक जीतने का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया।
भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों में स्वाभाविक जिज्ञासा और सृजनात्मकता होती है, जिसे उचित मार्गदर्शन से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार ने कहा कि शिक्षा तभी प्रभावी होती है, जब वह रुचि और जिज्ञासा से प्राप्त की जाए। उन्होंने विज्ञान शिक्षा में उपलब्ध व्यापक करियर अवसरों तथा बीएचयू की समृद्ध वैज्ञानिक परंपरा का भी उल्लेख किया।
पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान के निदेशक प्रो. ए.एस. रघुवंशी ने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और चिकित्सा के अलावा विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर विकल्पों की जानकारी दी। प्रबंध शास्त्र संस्थान के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी ने विद्यार्थियों को इस अनुभव को अपनी सीखने की यात्रा का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में आईआरओ वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक मनोहर कुमार ने कई रोचक लाइव वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें