आईसीएमआर का वैक्सीन पोर्टल लांच,मिलेगी वैक्सीन संबंधी सभी जानकारी

नयी दिल्ली ,28 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ़ हर्षवर्धन ने सोमवार को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) का वैक्सीन पोर्टल लांच किया, जहां कोरोना वायरस कोविड-19 से जुड़े सभी शोध और कोरोना वैक्सीन के परीक्षण से संबंधित अद्यतन जानकारियां मिलेंगी।

इस पोर्टल पर देश में कोरोना वायरस कोविड-19 सहित अन्य बीमारियों की वैक्सीन के विकास से संबंधित जानकारियां मिलेंगी। इस वेब पोर्टल का एड्रेस वैक्सीनडॉटआईसीएमआरडॉटओआरजी है।

डॉ़ हर्षवर्धन ने साथ ही कोविड-19 के लिए नेशनल क्लिनिकल रजिस्ट्री भी लांच की। डॉ़ हर्षवर्धन ने दोनों पोर्टल लांच करने के मौके पर कहा,“ आईसीएमआर हमेशा से देश में स्वास्थ्य संबंधी शोध के मामले में अग्रणी रहा है और अब कोरोना के इस संकटकाल में वैज्ञानिक शोध और नवाचार के माध्यम से महामारी से निपटने में अगुवा की भूमिका निभा रहा है। वैक्सीन संबंधी जानकारी को प्रसारित करके लोगों को जागरुक करने की दिशा में यह पोर्टल महत्वपूर्ण भुमिका निभायेगा। मुझे भरोसा है कि आने वाले समय में इस पोर्टल पर सबसे अधिक लोग आयेंगे।” उन्होंने कहा कि नेशनल क्लीनिकल रजिस्ट्री का पोर्टल (एनसीआरसी) बहुत मददगार साबित होगा।

एनसीआरसी का उद्देश्य देश के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीजों के उपचार और उपचार के परिणाम तथा क्लीनिकल आंकड़ों को जमाकर उनका विश्लेषण करना है ताकि बच्चों और युवाओं में कोरोना से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का अध्ययन किया जा सके। इससे कोविड-19 से संबंधित हर सवाल का जवाब मिलने में आसानी होगी। इसमें कोरोना से रोगमुक्त हुए मरीजों के आंकड़े भी जमा किये जा सकते हैं।

अर्चना जितेन्द्र

वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश