शशि प्रकाश गोयल बने उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव
लखनऊ, 31 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के वर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार नहीं मिला है। मनोज कुमार सिंह की जगह मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नया मुख्य सचिव बनाया गया है।गोयल ने गुरुवार को ही मुख्य सचिव कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। 1989 बैच के टॉपर होने और 8 साल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव होने के नाते एसपी गोयल की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही थी। मनोज कुमार सिंह का उनके कार्यकाल का आखिरी दिन था लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से उनके सेवा विस्तार को मंजूरी नहीं दी गई।
हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय ने आगामी कार्यक्रमों और परियोजनाओं का हवाला देते हुए केंद्र को पत्र लिखकर सिंह के लिए एक साल का सेवा विस्तार मांगा था।
सिंह ने दुर्गा शंकर मिश्रा का स्थान लिया था, जिन्हें 31 दिसंबर, 2021 को सेवानिवृत्त होने से दो दिन पहले उत्तर प्रदेश वापस भेज दिया गया था और उन्होंने 30 दिसंबर को मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया था। केंद्र की पसंद माने जाने वाले मिश्रा का ढाई साल का कार्यकाल अवधि और विस्तार के लिहाज से रिकॉर्ड तोड़ रहा था। मिश्रा की नियुक्ति अन्य मायनों में भी असामान्य थी, क्योंकि उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई थी जब तत्कालीन मुख्य सचिव आरके तिवारी की सेवानिवृत्ति में अभी दो महीने बाकी थे।
केंद्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय में सचिव मिश्रा को उत्तर प्रदेश वापस भेजने के आदेश 29 दिसंबर को जारी किए गए थे, जिसमें कहा गया था कि उन्हें मुख्य सचिव के रूप में उनकी ‘प्रस्तावित नियुक्ति’ के लिए वापस भेजा जा रहा है। यह बदलाव फरवरी 2022 के चुनावों से कुछ दिन पहले हुआ था।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें