भाजपा राज में कानून व्यवस्था ध्वस्त: अखिलेश

लखनऊ 31 दिसम्बर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में गुण्डई और अराजकता चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के गुण्डे आम जनता और पर्यटकों को खुलेआम प्रताड़ित व अपमानित कर रहे हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। श्री यादव ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने गुण्डों और माफियाओं को खुली छूट दे रखी है। सत्ता का संरक्षण मिलने के कारण अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और कानून व्यवस्था व पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश की छवि देश-विदेश में लगातार खराब हो रही है।
उन्होने आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजक तत्व बेखौफ घूम रहे हैं, कहीं हथियार बांटे जा रहे हैं, कहीं पर्यटकों के साथ मारपीट हो रही है और कहीं बहन-बेटियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से साफ है कि प्रदेश में कानून का शासन समाप्त हो चुका है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन का इकबाल खत्म हो गया है और कानून व्यवस्था का मजाक उड़ रहा है। मुख्यमंत्री और सरकार अराजक तत्वों की गतिविधियों पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा पूरी तरह से जीरो साबित हो गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है। महिलाएं और बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। श्री यादव ने सवाल उठाया कि लोगों के घर-घर तक हिंसक विचारधारा और हथियार पहुंचाने वालों के खिलाफ आखिर कौन कार्रवाई करेगा। ये लोग देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के दुश्मन हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार की नाकामियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना