महाकुंभ 2025 से प्रयागराज एयरपोर्ट ने रचा इतिहास, 10.56 लाख यात्रियों का रिकॉर्ड

प्रयागराज, 31 जनवरी (वार्ता) महाकुंभ 2025 ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ शहर के हवाई यातायात में भी अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2025 में पहली बार प्रयागराज एयरपोर्ट से जनवरी से दिसंबर के बीच 10,56,311 यात्रियों ने हवाई यात्रा की, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में जहां कुल 6,27,966 यात्रियों ने एयरपोर्ट का उपयोग किया था, वहीं महाकुंभ वर्ष में यह संख्या 10.50 लाख से अधिक पहुंच गई। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विमानों की आवाजाही में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2025 में कुल 8,915 उड़ानें संचालित हुईं, जबकि वर्ष 2022 में यह संख्या 7,822 थी। महाकुंभ के दौरान कुछ दिनों में प्रतिदिन 100 से अधिक विमानों का आवागमन हुआ।
इस उपलब्धि के साथ प्रयागराज एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में व्यस्तता के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। लखनऊ और वाराणसी के बाद यह प्रदेश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट बन गया है। स्थानीय अधिकारियों ने इसे महाकुंभ की अपार सफलता और शहर की बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रमाण बताया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना