200 जापानी सीईओ के साथ अगस्त में उत्तर प्रदेश आएंगे यामानाशी के गवर्नर, ग्रीन हाइड्रोजन व उद्योग सहयोग पर ऐतिहासिक एमओयू


जापान/लखनऊ, 26 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक एवं ऊर्जा सहयोग का एक नया अध्याय शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के दौरान यामानाशी प्रांत के साथ रणनीतिक साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी।

यामानाशी के गवर्नर ने आगामी अगस्त माह में 200 जापानी सीईओ के प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर प्रदेश का दौरा करने का प्रस्ताव दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल राज्य में औद्योगिक निवेश और तकनीकी सहयोग को नई गति देगी।
दोनों पक्षों के बीच उद्योग, पर्यटन, व्यावसायिक शिक्षा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू में विशेष रूप से ग्रीन हाइड्रोजन, स्वच्छ ऊर्जा नवाचार और तकनीकी आदान-प्रदान को प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आईआईटी को ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह पहल ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूती देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज “स्केल, स्किल और स्पीड” के मॉडल पर आगे बढ़ रहा है। राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था, सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश अनुकूल वातावरण ने वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। ‘इन्वेस्ट यूपी’ की जापान डेस्क के माध्यम से जापानी निवेशकों को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
साथ ही, यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित जापान इंडस्ट्रियल टाउनशिप जापानी कंपनियों के लिए एक समर्पित औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित की जा रही है, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
यामानाशी में हुए इस समझौते को मुख्यमंत्री ने विश्वास, पारदर्शिता और दीर्घकालिक सहयोग का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि यह साझेदारी साझा आर्थिक दृष्टि, तकनीकी नवाचार और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित है। अगस्त में प्रस्तावित जापानी सीईओ प्रतिनिधिमंडल का दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सशक्त बनाएगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना