उप्र और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा को हराना जरूरी: अखिलेश यादव


लखनऊ, 26 फरवरी (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश को बचाने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए भाजपा को हराना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध और कमीशनखोरी बढ़ी है तथा हर वर्ग के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है।

गुरुवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को सतर्क और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने भाजपा की साजिशों से सावधान रहने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की जा रही हैं और कई पात्र मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में मदद करें और इस प्रक्रिया पर नजर रखें।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, नौजवान और आम जनता परेशान है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, बेरोजगारी कम करने और जनहितकारी नीतियां लागू करने के लिए काम किया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती