केजरीवाल के साथ सत्य और न्याय दोनों खड़े : अखिलेश

लखनऊ 27 फरवरी (वार्ता) शराब घोटाला केस में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई केस में बरी किये जाने पर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष ने भाजपा को आड़े हाथ लिया है।

उन्होंने इसे भाजपा के लिए ‘नैतिक मृत्युदंड’ बताते हुए कहा कि आज दिल्ली के लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ सत्य और न्याय दोनों खड़े हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिये प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आरोप कभी इतना बड़ा नहीं हो सकता कि वो सच को आच्छादित कर ले। आज हर ईमानदार आशा भरी सांस लेगा और भाजपा के समर्थक शर्म के मारे घोर आत्म-लज्जित हो रहे होंगे। भाजपा ने दिल्ली के निवासियों से विश्वासघात किया है।
उन्होंने कहा कि जो कपटजीवी सनातनी शंकराचार्य, साधु, संतों, संन्यासियों तक पर झूठे आरोप लगाने का महापाप करते हैं। वो भला किसी सरकार, दल या किसी व्यक्ति को बदनाम करने के लिए किस हद तक जा सकते हैं। इसकी कल्पना कोई शरीफ़ आदमी कर ही नहीं सकता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज़ादी से पहले, वर्तमान सत्ता के जो ‘संगी-साथी’ देश के दुश्मनों से मिले हुए थे और स्वतंत्रता सेनानियों को फाँसी के फंदों तक पहुँचाने के लिए, आज़ादी के दीवानों के ख़िलाफ़ मुख़बिरी जिनका काम रहा है। जो देश को गुलाम बनानेवाले साम्राज्यवादियों के माफ़ी-वज़ीफ़े पर रहकर अपनी भूमिगत भूमिका निभाते रहे हैं, छल-छलावे के वो विचारवंशी भाजपाई, आज किसी को मुँह दिखाने लायक नहीं बचे हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना