द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ के वैद्यों को 'जीवन गौरव' व 'आयुर्वेद गौरव' सम्मान से सम्मानित किया
नयी दिल्ली/मुंबई 27 फरवरी (वार्ता) महाराष्ट्र में बुलढाणा जिले के शेगांव में गुरुवार को आयोजित राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आयुर्वेद क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ (आरएवी) से जुड़े प्रख्यात वैद्यों को प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव तथा आयुष मंत्रालय के सचिव पद्मश्री राजेश कोटेचा भी मौजूद रहे।ज्ञात रहे कि राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026 का आयोजन आयुष मंत्रालय ने अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के सहयोग से 25 फरवरी से 28 फरवरी तक किया जा रहा है।
जीवन गौरव सम्मान से सम्मानित वेद्यों में पद्मश्री और पद्म भूषण से अलंकृत वैद्य देवेन्द्र त्रिगुणा, आयुष मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ के अध्यक्ष और अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।
आयुर्वेद गौरव सम्मान आरएवी संचालन निकाय के सदस्य एवं अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. वैद्य राकेश अमरनाथ शर्मा, आर्य वैद्य शाला के वैद्य पीएम वारियर, आरएवी के प्रबंध ट्रस्टी एवं मुख्य चिकित्सक सीआरवी गुरु और राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ के फेलो (एफआरएवी) एवं महाराष्ट्र काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन के पूर्व अध्यक्ष वैद्य आशुतोष सतीश गुप्ता को प्रदान किया गया। यह समारोह आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक प्रसार के प्रति समर्पित विद्वता, नैदानिक उत्कृष्टता और आजीवन सेवा को मान्यता देने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।
राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ की निदेशक वैद्य वंदना शिरोहा ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान आयुर्वेद परंपरा को सशक्त बनाने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने भी आयुर्वेद के समग्र स्वास्थ्य दृष्टिकोण को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें