सरकार के षड्यंत्र से सावधान रहने की जरूरत : अजय राय
लखनऊ, 27 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की संभावित गिरफ्तारी पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई रोक का स्वागत करते हुए इसे न्याय, सत्य और धर्म की जीत बताया है।अजय राय ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि यह निर्णय धर्म, भगवान शंकराचार्य और सौ करोड़ सनातनियों की आस्था की विजय है। न्यायालय ने संविधान और विधि के अनुरूप निष्पक्ष फैसला देकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार सुनियोजित साजिश के तहत पूज्य शंकराचार्य जी को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान शंकराचार्य का अपमान पूरे सनातन धर्म का अपमान है और उनके सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दुर्भावना और द्वेष की भावना से शंकराचार्य जी को निशाना बनाया जा रहा था, जिस पर न्यायालय की रोक करारा जवाब है। “सत्य को दबाने की हर कोशिश अंततः विफल होती है। सत्यमेव जयते।
अजय राय ने कहा कि काशीवासी और कांग्रेसजन पूज्य शंकराचार्य जी के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि तानाशाही ज्यादा दिनों तक नहीं चलती और जनता समय आने पर जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि संतों और धर्माचार्यों की गरिमा को ठेस पहुंचाना भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के विरुद्ध है। काशी सदियों से संत परंपरा की पवित्र भूमि रही है, जहां संतों का सर्वोच्च सम्मान किया जाता है।
कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर तथ्य और प्रमाण के साथ जनता के बीच जाएगी। प्रदेश के प्रत्येक जिले में जिला एवं महानगर अध्यक्षों के नेतृत्व में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन भी किया गया है।
अंत में अजय राय ने न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी सत्य और संविधान की इसी प्रकार विजय होती रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें