दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध के शांति संदेश की जरूरत: ब्रजेश पाठक
लखनऊ 31 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में दुनिया को युद्ध नहीं, बल्कि भगवान बुद्ध के शांति और करुणा के संदेश की आवश्यकता है।श्री पाठक मंगलवार को डॉ. आंबेडकर महासभा ट्रस्ट द्वारा उद्यान भवन में आयोजित सेमिनार ‘‘विश्व युद्ध के खतरे और बुद्ध की प्रासंगिकता’’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में समस्त जीव-जगत और प्रकृति को एक परिवार माना गया है। सनातन परंपरा में पशु-पक्षियों और पेड़-पौधों तक के संरक्षण का भाव निहित है, लेकिन वर्तमान वैश्विक हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि मानवता की रक्षा के लिए भारत को नेतृत्वकारी भूमिका निभानी चाहिए, क्योंकि यहीं से भगवान बुद्ध के शांति संदेश का प्रसार हुआ।
सेमिनार में आधार पत्र प्रस्तुत करते हुए डाॅ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि दुनिया आज संभावित विश्व युद्ध के मुहाने पर खड़ी है। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव, चीन-ताइवान विवाद और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति को वैश्विक संकट के प्रमुख कारण बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विश्व युद्ध छिड़ता है, तो उसका प्रभाव अत्यंत विनाशकारी होगा, जिससे मानव जीवन, पर्यावरण और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला टूट सकती है, तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं और महंगाई के साथ-साथ आर्थिक अस्थिरता भी बढ़ेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भगवान बुद्ध के ‘अहिंसा’ और ‘मैत्री’ के सिद्धांत ही विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें