भाजपा की छवि और रुपये में ‘गिरावट की होड़’: अखिलेश
लखनऊ 31 मार्च (वार्ता) डॉलर के मुकाबले तेजी से गिरते रुपये को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसते हुये कहा कि इस समय रुपये की गिरावट और भाजपा की छवि के बीच जबरदस्त मुकाबला चल रहा है। जैसे-जैसे भाजपा नेताओं के कथित कांड, कुकर्म और भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं, वैसे-वैसे पार्टी की छवि लगातार गिरती जा रही है।श्री यादव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा और उसके सहयोगियों से जुड़े मामलों का खुलासा तो हो रहा है, लेकिन जिम्मेदारी तय करने के बजाय इस्तीफे नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर नैतिक दिवालियापन का आरोप लगाते हुए कहा कि यह स्थिति अब चरम पर पहुंच चुकी है।
उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि गलत फैसलों के कारण देश की अर्थव्यवस्था संकट में है। रुपये की कीमत लगातार गिर रही है और महंगाई बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता पर भारी बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के लिए देश के कई हिस्सों में लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि वैश्विक स्तर पर चल रहे युद्ध के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट को लेकर सरकार ने कोई ठोस तैयारी नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह करती रही है और विदेश नीति पर भी सवाल खड़े किए। उनके अनुसार, भारत जैसे बड़े लोकतंत्र को वैश्विक संकट के समय सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए थी, लेकिन सरकार केवल दर्शक बनी रही।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की नीतियों और वैश्विक परिस्थितियों का सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें