मोदी ने 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' कार्यक्रम में असम और पुड्डुचेरी के भाजपा कार्यकर्ताओं से किया संवाद

मोदी ने 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' कार्यक्रम में असम और पुड्डुचेरी के भाजपा कार्यकर्ताओं से किया संवाद

नयी दिल्ली/गुवाहाटी, 30 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत असम और पुड्डुचेरी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से संवाद किया।


श्री मोदी ने असम में माहौल स्पष्ट रूप से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष होने का दावा करते हुये कहा कि पुड्डुचेरी भी एक बार फिर से राजग पर भरोसा जताने के लिए तैयार है।उन्होंने खुद को भाजपा का एक कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देती है, उसे निभाने के लिए वह हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत संवाद' के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि असम में मतदान के रिकॉर्ड टूटेंगे, लेकिन पार्टी को जीत के नए रिकॉर्ड भी बनाने होंगे। उन्होंने जोर दिया कि इसके लिए बूथ स्तर पर मजबूत प्रदर्शन बेहद जरूरी है।


 श्री मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले कांग्रेस केवल कागजों पर समझौते कर लोगों को गुमराह करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद उन समझौतों को लागू नहीं किया जाता था, जिससे युवाओं में असंतोष और अशांति पैदा होती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ईमानदारी से शांति समझौतों को जमीन पर उतारा है और पिछले एक दशक में असम में शांति स्थापित हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह लोगों को पश्चिम बंगाल और भाजपा शासित राज्यों के चाय बागानों की स्थिति की तुलना करके 'डबल इंजन सरकार' का महत्व समझाएं।


 श्री मोदी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के पास नमो एप होना चाहिए। उन्होंने नारी सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और सरकारी पहलों की जानकारी इस ऐप के जरिए लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने असम की ओरुनोदोई योजना और 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनकी सफलता की कहानियों को डिजिटल माध्यम से व्यापक स्तर पर साझा किया जाना चाहिए।


 प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़ी रैलियों को संबोधित करना सामान्य है, लेकिन बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि जनता का दिल जीतने के उद्देश्य से काम करते हैं।


 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

जंगल कौड़िया व खजनी से शुरू हुई जांच, ब्लॉकों पर भी टीमें बनाने का निर्देश