डेल ने पावरस्टोर एलीट भारत में पेश किया


नयी दिल्ली, 30 जून (वार्ता) प्रौद्योगिकी कंपनी डेल ने एआई के लिए उद्यमों की बढ़ती स्टोरेज आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भारत में पावरस्टोर एलीट पेश किया है।

भारत में कंपनी के इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस ग्रुप के प्रमुख वेंकट सीताराम ने यहां मंगलवार को एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। इसके साथ ही कंपनी ने एआई अवसंरचना से जुड़े कई और समाधानों की भी घोषणा की। ये सभी समाधान मिलकर एक डेल एआई इकोसिस्टम तैयार करेंगे। यह अगस्त से भारत में उपलब्ध होगा।
श्री सीताराम ने कहा कि पावरस्टोर एलीट कंपनियों के तेजी से बढ़ते डाटा और एआई वर्कलोड के प्रबंधन में उनकी मदद करेगा। यह डेल के पावरस्टोर का तीसरा संस्करण जेन-3 है। यह ज्यादा वर्कलोड लेने में सक्षम है, उद्यमों को वेंडर-लॉकइन से आजादी देता है और बिना किसी डाउनटाइम के इस प्लेटफॉर्म को अपनाया जा सकता है। जो ग्राहक पहले से डेल के जेन-1 या जेन-2 संस्करण का इस्तेमाल कर रहे हैं वे बिना किसी परेशानी के जेन-3 को अपना सकते हैं।
कंपनी ने डेल प्राइवेट क्लाउड की भी घोषणा की। न्युटनिक्स और पावरस्टोर के साथ प्राइवेट क्लाउड जुलाई से देश में उपलब्ध होगा। वहीं, वीएमवेयर वीसीएफ 9.1 और माइक्रोसॉफ्ट एज्योर लोकल के साथ यह तत्काल उपलब्ध हो गया है।
उद्यमों को अपना एजेंटिक एआई विकसित करने में मदद के लिए डेल डेस्कसाइड एजेंटिक एआई पेश किया गया है जो तत्काल उपलब्ध हो चुका है। इसमें अपना एआई बनाने के लिए कंपनी अपने डाटा का इस्तेमाल करेगी। वहीं डेल कोडिंग, स्टोरेज और साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने प्लेटफॉर्म उपलब्ध करायेगी।
पावरस्टोर के लिए डेल साइबर डिटेक्ट सितंबर से उपलब्ध होगा जबकि डेल ऑटोमेशन स्टूडियो देश में उपलब्ध हो चुका है।
नया डेल एआई इकोसिस्टम गूगल, ओपनएआई, एनवीडिया, हगिंग फेस, पैलंटीर, स्पेसएक्स एआई और सर्विसनाउ को एक ओपन, ऑन-प्रीमाइस इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म पर एक साथ जोड़ता है।

टिप्पणियाँ