बसपा में उम्मीदवारों का अंतिम चयन मेरा काम, आकाश आनंद को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम निराधार : मायावती


लखनऊ, 31 जुलाई (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का अंतिम चयन केवल उनके द्वारा ही किया जा रहा है और इस संबंध में फैलाया जा रहा भ्रम पूरी तरह निराधार है।

सुश्री मायावती ने ‘एक्स’ पर जारी छह बिंदुओं वाले बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और उनकी अध्यक्षता में लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में कई राज्य स्तरीय बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को उम्मीदवार चयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग दो दर्जन से अधिक उम्मीदवारों का चयन किया जा चुका है तथा शेष सभी सीटों पर भी प्रत्याशियों का अंतिम निर्णय वही करेंगी।
उन्होंने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी पार्टी उम्मीदवारों का अंतिम चयन उनके द्वारा ही किया जाता है।
बसपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाएं आयोजित कर प्रत्याशियों की घोषणा कर रहे हैं। इसी क्रम में कुछ सीटों पर आकाश आनंद भी पार्टी की जनसभाओं में उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे।
सुश्री मायावती ने कहा कि इससे पहले भी विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों और लोकसभा उपचुनावों में उनके निर्देश पर आकाश आनंद ने चुनावी जनसभाएं की हैं। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि पिछले लगभग एक वर्ष से उन्हें संगठन की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं के लिए देशभर में भेजा जा रहा है तथा वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी आकाश आनंद की जनसभाएं पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इससे उनके कद को बढ़ाने या घटाने अथवा उम्मीदवारों के चयन के अधिकार से जोड़कर देखना गलत है। बसपा अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर की जा रही तरह-तरह की चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ऐसी भ्रामक और शरारती बातों पर ध्यान न दें तथा पार्टी विरोधी तत्वों के दुष्प्रचार से सतर्क रहें।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना