योगी ने लगाया जनता दरबार,सुनी पीड़ितों की समस्यायें


गोरखपुर, 29 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन आयोजित कर करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में स्वयं लोगों के बीच जाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है और सरकार प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धनाभाव के कारण किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित मरीजों के उपचार का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि आवश्यक धनराशि समय पर उपलब्ध कराई जा सके।
जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना