प्रयागराज से वाराणसी और गोरखपुर रूट की रोडवेज बसों का किराया बढ़ा
प्रयागराज, 29 जुलाई (दिनेश तिवारी ) सावन माह में रूट बदलने से रोडवेज की बसों का किराया बढ़ाया गया है। बढ़ा हुआ किराया 30 जुलाई से लागू होगा। किराये में 12 से 28 रुपये तक की वृद्धि की गई है। रोडवेज की बसें शास्त्री पुल से झूंसी होकर जाने के बजाय अब नए रूट फाफामऊ चंद्रशेखर आजाद सेतु के रास्ते चलेंगी।
प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार के अनुसारए कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि रुट बदलने के कारण प्रयागराज से वाराणसी की दूरी 126 किमी से बढ़कर 144 किमी जाएगी। इसकी वजह से साधारण बस का किराया 197 रुपये से बढ़कर 225 रुपये हो जाएगा यानी किराये में 28 रुपये की वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि प्रयागराज से गोरखपुर की दूरी 294 से बढ़कर 303 किमी हो जाएगी और किराया 428 रुपये से बढ़कर 440 रुपये हो जाएगा। ऐसे में यात्रियों को 12 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसके अलावा सहसों की दूरी 18 किमी से बढ़कर 27 किमी होने पर किराया 26 से बढ़कर 38 रुपये और हंडिया की दूरी 37 से बढ़कर 51 किमी व किराया 55 से बढ़कर 82 रुपये हो जाएगा। वहीं, बादशाहपुर (48 से 68 किमी) का किराया 57 से 80 रुपये व गोपीगंज (64 से 89 किमी) का किराया 82 से 117 रुपये हो जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि रूट डायवर्जन से प्रयागराज से आजमगढ़ की दूरी 178 से 260 किमी व किराया 187 से बढ़ाकर 272 रुपये और टांडा (197 से 267 किमी) का किराया 206 रुपये से बढ़कर 283 रुपये हो जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें