अप्रैल-जुलाई 2026-27 के दौरान उमरे ने 7.24 मिलियन टन का उत्कृष्ट माल लदान किया गया
प्रयागराज, (दिने तिवारी) उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के प्रथम चार माह (अप्रैल से जुलाई) की अवधि में कुल 7.24 मिलियन टन उत्कृष्ट माल का लदान किया है, जो कि गत वर्ष की समान अवधि (अप्रैल-जुलाई 2025-26) में दर्ज किए गए 6.73 मिलियन टन की तुलना में 7.6% अधिक है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उमरे ने खाद्यान्न, सीमेंट तथा कंटेनर परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। चालू वित्त वर्ष की इस अवधि में खाद्यान्न के लदान में 70.3 फीसदी की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई, वहीं, लॉजिस्टिक्स एवं औद्योगिक सुगमता को गति देने वाले कंटेनर परिवहन में 13.0 फीसदी की बढ़ोतरी तथा सीमेंट के लदान में 11.6 फीसदी की वृद्धि के साथ 1.35 मिलियन टन सीमेंट लदान निष्पादित किया गया। इसके अतिरिक्त, अन्य वस्तुओं के लदान में भी 9.9 फीसदी की वृद्धि दर्ज करते हुए 1.88 मिलियन टन का लदान हुआ, जबकि पेट्रोलियम एवं तेल मद में 2.25 मिलियन टन का माल परिवहन किया गया।
उन बताया कि मंडलवार प्रदर्शन पर दृष्टि डालें तो उमरे के प्रयागराज मंडल ने माल लदान में 30.1 फीसदी की प्रभावी वृद्धि दर्ज की है। प्रयागराज मंडल का कुल लदान गत वर्ष के 2.29 मिलियन टन से बढ़कर 2.98 मिलियन टन पहुंच गया, जिसमें मुख्य रूप से खाद्यान्न लदान में हुई 257 फीसदी तथा सीमेंट में हुई 42.9 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी का योगदान रहा। इसी क्रम में, झांसी मंडल ने 3.1 फीसदी की सकारात्मक वृद्धि दर्ज करते हुए कुल 3.28 मिलियन टन का माल लदान किया, जिसमें खाद्यान्न में 26.7 फीसदी एवं अन्य वस्तुओं में 14.3 फीसदी की बढ़त शामिल है। वहीं, आगरा मंडल द्वारा लगभग 1 मिलियन टन का लदान किया गया। ज्ञात हो कि, आगरा मंडल ने कंटेनर श्रेणी में 33.3 फीसदी की सराहनीय वृद्धि दर्ज की है।
गौरतलब है कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उमरे को निर्धारित कुल 22.98 मिलियन टन माल लदान के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष, रेलवे ने प्रथम चार माह में ही 31.5 फीसदी लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है। उमरे माल परिवहन संचालन की दक्षता में सुधार, वैगन उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा लॉजिस्टिक्स तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें