स्वार्थपूर्ण राजनीति से सतर्क रहते हुये संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की जरुरत: मायावती


लखनऊ, 10 अगस्त (वार्ता ) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने संत शिरोमणि रविदास जी के गुरुघर से जुड़े पुराने विवाद का उल्लेख करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि समाज को राजनीतिक दलों की स्वार्थपूर्ण राजनीति से सतर्क रहना चाहिए और संत रविदास जी के समानता, सम्मान तथा न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।

सुश्री मायावती ने सोमवार को ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि 10 अगस्त 2019 को दिल्ली के तुगलकाबाद में संत रविदास जी के पवित्र गुरुघर को बुलडोजर और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहा दिया गया था। इसके विरोध में देशभर के संत समाज के लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद उन्हें लाठीचार्ज, आंसू गैस, गिरफ्तारियों और मुकदमों का सामना करना पड़ा तथा कई लोगों को जेल भी जाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि गुरुघर की भूमि भी छीन ली गई और आज भी संत रविदास जी का गुरुघर लोहे के अस्थायी टीन शेड में है। यह स्थिति करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाली है और समाज की स्मृति में दर्ज है।
बसपा प्रमुख ने पंजाब में होने वाले चुनावों का हवाला देते हुए भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा संत रविदास जी के नाम पर कलश यात्रा निकालकर समाज को बेगमपुरा शहर के लक्ष्य से भटकाने का प्रयास कर रही है।
सुश्री मायावती ने पंजाब के धलेता गांव में गुरुघर की दीवार गिराए जाने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब संत समाज और बसपा ने आवाज उठाई तो गिरफ्तारियां हुईं और अंततः आम आदमी पार्टी की सरकार को झुकना पड़ा तथा गुरुघर का पुनर्निर्माण कराना पड़ा। उन्होंने कहा कि समाज को भाजपा और आम आदमी पार्टी की राजनीति से सतर्क रहना चाहिए। मायावती ने कहा कि ‘पराधीनता का अंत एवं बेगमपुरा’ के संकल्प के साथ संत रविदास जी के सम्मान में तुगलकाबाद से धलेता गांव तक पहुंच रही सम्मान यात्रा में संत समाज को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने संत रविदास जी के आदर्श, सम्मान, समानता और न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा गुरुघरों की गरिमा, धार्मिक अधिकारों और संत रविदास जी के सपनों के अनुरूप पराधीनता-मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती