संवैधानिक संस्थाएं 'चेक एंड बैलेंस' की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं : मायावती


लखनऊ, 15 अगस्त (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार को देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी के इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने के साथ-साथ संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति अधिक सचेत रहने की जरूरत है।

सुश्री मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि जनता अपने वास्तविक देश और जनहित के प्रति संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से सही और सच्चे उत्तरदायित्व की अपेक्षा अब पहले से अधिक करने लगी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे विशेष अवसर पर यह उम्मीद की जाती है कि देश की उच्च संस्थाएं भारतीय संविधान के 'चेक एंड बैलेंस' के उद्देश्य और जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर ही भारत के गणतंत्र होने का सही लाभ देश के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, अति पिछड़ों, मुस्लिम एवं अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों सहित समाज के गरीब, मजदूर, किसान, युवा और महिलाओं को बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार से मुक्त खुशहाल जीवन के रूप में मिल सकेगा।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि देश का लोकतंत्र और पवित्र संविधान तभी सभी लोगों की उम्मीदों के अनुरूप सार्थक सिद्ध होगा, जब शासन और संवैधानिक संस्थाएं अपनी जिम्मेदारियों का निष्पक्षता और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगी।
उन्होंने देश-दुनिया में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का दिन लोगों में आपसी भाईचारे और मेलजोल की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश की संवैधानिक व्यवस्था जनहित और सामाजिक न्याय की भावना के अनुरूप आगे बढ़ेगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती