उत्तर प्रदेश में नौ आईपीएस अधिकारियों के तबादले, अविनाश पांडे और केके बिश्नोई भी हटाए गए
लखनऊ, 21 अगस्त ( वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के नौ वरिष्ठ अधिकारियों का गुरुवार देर रात तबादला कर दिया है। तबादला सूची में मेरठ के चर्चित एसएसपी अविनाश पांडे, संभल के पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई और सुल्तानपुर की एसपी चारु निगम समेत कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं।मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद पर संबद्ध किया गया है। वह हाल में पुलिस वाहन में घुसकर एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने के मामले को लेकर चर्चा में आए थे। उनके स्थान पर बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
सुल्तानपुर की पुलिस अधीक्षक चारु निगम का भी तबादला किया गया है। उन्हें यूपी-112 लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उनके स्थान पर गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनीत जायसवाल के स्थान पर बिजनौर के एसपी अभिषेक झा को गोंडा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं संभल के चर्चित आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई को संभल से हटाकर बिजनौर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी को पहली बार जिले की कप्तानी मिली है। उन्हें संभल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास कुमार को बलरामपुर के एसपी पद से स्थानांतरित कर झांसी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें