देवरिया से गोरखपुर तक विकास और सुशासन की यात्रा को मिलेगी नई गति : योगी
लखनऊ, 29 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पूज्य देवरहा बाबा की कृपाभूमि देवरिया से महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन तपोस्थली गोरखपुर तक सुशासन, विकास और लोक-कल्याण की यात्रा को नई गति मिलेगी। डबल इंजन की सरकार का संकल्प जन-जन का कल्याण और प्रदेश के हर क्षेत्र का समग्र विकास करना है।मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि देवरिया के सलेमपुर और भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्रों में 305 करोड़ रुपये की लागत वाली 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही गोरखपुर में 130 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा।
उन्होंने बताया कि राप्तीनगर स्थित बशारतपुर में ‘कल्याण मण्डपम्’ भी जनसेवा के लिए समर्पित किया जाएगा। इन परियोजनाओं से दोनों जिलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास को गति मिलेगी और आमजन को विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ ही जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-जन का कल्याण और हर क्षेत्र का विकास ही डबल इंजन सरकार का संकल्प है। विकास परियोजनाओं के माध्यम से पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का काम लगातार जारी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें