श्रीकृष्ण का जीवन लोककल्याणकारी शासन की प्रेरणा: योगी
लखनऊ, 31 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन को सत्य, धर्म, कर्म और लोकमंगल की प्रेरणा बताया।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भाद्रपद कृष्ण अष्टमी की अर्धरात्रि में मथुरा के कारागार में जब नंदलाला का प्राकट्य हुआ, तब असत्य और अन्याय के अंधकार के बीच सत्य और धर्म का प्रकाश प्रस्फुटित हुआ।
उन्होंने कहा कि योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण का जीवन लोककल्याणकारी शासन की मूल भावना की प्रेरणा देता है। अन्याय का प्रतिकार, धर्म की रक्षा, निर्बल का संरक्षण और लोकमंगल उनके जीवन-दर्शन के प्रमुख आधार रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी भावना के साथ प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि जन्माष्टमी के पावन अवसर पर अपनी विरासत के संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा विकसित और गौरवशाली उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के सत्य, धर्म, कर्म और लोकमंगल के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करें।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें