मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स को सरकारी खरीदार खोज मंच पर मिलेगा विशेष 'स्टार्टअप बैज'
नयी दिल्ली, 7 अगस्त (वार्ता) नवाचार-आधारित निर्यात को बढ़ावा देने और भारत के वैश्विक व्यापार पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने ट्रेड कनेक्ट ई-प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' सेवा के लिए पात्रता मानदंड का विस्तार कर उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) द्वारा मान्यता प्राप्त पात्र स्टार्टअप्स को भी इसमें शामिल कर लिया है।वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार यह निर्णय 6 अगस्त को अधिसूचित कर दिया गया है जिसे आज जारी किया गया। इसका उद्देश्य भारत के तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक पहचान दिलाना है, ताकि नवाचारी निर्यातक सरकार के आधिकारिक डिजिटल खरीदार खोज मंच पर अपने उत्पादों और क्षमताओं का प्रभावी प्रदर्शन कर सकें।
वाणिज्य विभाग द्वारा शुरू किया गया ट्रेड कनेक्ट एक एकीकृत डिजिटल मंच है, जो निर्यातकों को व्यापार संबंधी सेवाओं और संस्थागत सहायता से जोड़ता है। इसकी प्रमुख सुविधा 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' के माध्यम से पात्र निर्यातक अपने लिए समर्पित डिजिटल माइक्रोसाइट बना सकते हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय खरीदार विश्वसनीय भारतीय आपूर्तिकर्ताओं की पहचान कर उनसे सीधे संपर्क स्थापित कर सकते हैं।
संशोधित व्यवस्था के अनुसार डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स, जो 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' के मौजूदा पात्रता मानदंडों को पूरा करते हैं, इस प्लेटफ़ॉर्म पर अपनी माइक्रोसाइट बना सकेंगे। साथ ही, उन्हें एक विशेष 'स्टार्टअप बैज' प्रदान किया जाएगा, जिससे विदेशी खरीदार उन्हें आसानी से पहचान सकेंगे।
प्रारंभिक चरण के निर्यातकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष ऑनबोर्डिंग प्रावधान भी लागू किया गया है। इसके अंतर्गत, डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त वे स्टार्टअप्स जिनके पास सक्रिय आयात-निर्यात कोड (आईईसी) है और जिनका नाम निषिद्ध इकाइयों की सूची) में शामिल नहीं है, वे भी 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' पर अपना प्रोफ़ाइल बना सकेंगे, भले ही वे वर्तमान में मानक निर्यात प्रदर्शन संबंधी पात्रता मानदंडों को पूरा न करते हों। ऐसे स्टार्टअप्स का पंजीकरण डीजीएफटी के आईईसी डेटाबेस के माध्यम से सत्यापन के उपरांत किया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें