सहारनपुर की घटना विपक्षी गठबंधन के असली चरित्र का प्रमाण : पंकज चौधरी
लखनऊ, 19 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सहारनपुर की दिशा समिति की बैठक में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और कांग्रेस सांसद के बीच हुई तीखी नोकझोंक को लेकर विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है।उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को इधर-उधर देखने के बजाय अपने ‘स्वार्थ-बंधन’ का असली चेहरा देखना चाहिए। सहारनपुर की बैठक में सपा विधायक और कांग्रेस सांसद के बीच हुई सरेआम तू-तू, मैं-मैं कोई इत्तेफाक नहीं है, बल्कि यह विपक्षी ‘कुनबा-गठबंधन’ का असली चरित्र सामने आने का प्रमाण है। जिसे विपक्ष ‘महागठबंधन’ बताता है, वह वास्तव में कुर्सी के लालच में बना अवसरवादी मंच है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दलों को जनता के विकास और क्षेत्र की समस्याओं की चिंता नहीं है। उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक हित साधना और सत्ता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि सत्ता के मोह में खड़ा किया गया यह गठजोड़ अब जनता के सामने बेनकाब हो चुका है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल एकता का दावा करते हैं, लेकिन जमीन पर उनके नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई दिखाई देती है। सहारनपुर की घटना इसी अंतर्विरोध का ताजा उदाहरण है। उन्होने दावा किया कि आने वाले दिनों में यह ‘बेमेल गठबंधन’ ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा और इसके घटक दलों के बीच वास्तविक राजनीतिक संघर्ष खुलकर सामने आएगा।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें