ग्रेटर नोएडा में मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की घटना रूह कंपाने वाली : अखिलेश
लखनऊ, 30 (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ग्रेटर नोएडा में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को रूह कंपाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे प्रदेश में बेटियों के माता-पिता अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर दहशत में हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि सवाल यह है कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था इतनी लचर कैसे हो गई कि अपराधी सत्ता से डर नहीं रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े लोगों के अपराधों को जिस तरह दबाया और छिपाया जा रहा है, उससे दूसरे अपराधियों के भी हौसले बुलंद हो रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का दायरा बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका असर पुलिस व्यवस्था पर भी पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि कुछ भ्रष्ट पुलिसकर्मी अपराधियों से सांठगांठ कर उनके अपराधों को संरक्षण दे रहे हैं।
उन्होंने घटना को घोर निंदनीय बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया के अंत में कहा, “इंसाफ हो!!!”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें